RPF Rajkot Division: आरपीएफ राजकोट मंडल ने ₹5.38 लाख का खोया सामान लौटाया
RPF Rajkot Division: आरपीएफ राजकोट मंडल की बड़ी कामयाबी: अप्रैल माह में यात्रियों का ₹5.38 लाख का खोया सामान लौटाया
- RPF Rajkot Division: चेन पुलिंग के मामलों में 23 तथा रेलवे संपत्ति की चोरी के मामलों में 04 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
राजकोट, 04 मई: RPF Rajkot Division: पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सशक्त रूप से निभा रहा है। “सेवा ही संकल्प” के मूल मंत्र के साथ, आईजी-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अजय सदानी के कुशल नेतृत्व तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त (राजकोट) श्री कमलेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में आरपीएफ ने अप्रैल 2026 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस अवधि में आरपीएफ ने रेलवे परिसरों, यात्रियों तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न अभियानों के माध्यम से निम्नलिखित उपलब्धियां हासिल की :
ऑपरेशन अमानत: अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए आरपीएफ ने स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों द्वारा भूलवश छोड़े गए सामान के कुल 19 मामलों में लगभग ₹5,38,699 मूल्य की संपत्ति बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित रूप से लौटाया।
ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते: इस अभियान के तहत एक बालक को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: यात्रियों के सामान की चोरी के 03 मामलों में कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सुपुर्द किया गया।
ऑपरेशन उपलब्ध: टिकटों की कालाबाजारी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की।

ऑपरेशन रेल सुरक्षा: रेलवे संपत्ति की चोरी के मामलों में शामिल 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
ऑपरेशन समय पालन: ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के 27 मामले दर्ज किए गए तथा 23 आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
ऑपरेशन जनजागरण: यात्रियों एवं आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक अभियान चलाया गया। बैनर, पीए सिस्टम के माध्यम से घोषणाएं तथा ग्राम सरपंचों/प्रधानों के साथ बैठकों के माध्यम से रेलवे ट्रैक पार न करने, पत्थरबाजी से बचने, नशाखोरी, महिला सुरक्षा एवं मानव तस्करी जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकोट मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना ने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आरपीएफ राजकोट मंडल पूरी सतर्कता के साथ कार्य करते हुए सुरक्षित, संरक्षित और विश्वसनीय रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

