BHU: बी एच यू मे सभी मेघावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
उत्कृष्टता का सम्मान: (BHU)काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सभी शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
- BHU: 16 अक्टूबर को प्रथम शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह का होगा भव्य आयोजन
रिपोर्ट: डॉ राम शंकर सिंह
वाराणसी, 13 अक्टूबर: BHU: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में पहली बार शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह आयोजित किया जा रहा है। पुरस्कार वितरण 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना है। इन वार्षिक पुरस्कारों के माध्यम से विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में संचालित सभी विषयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
🔥 इस खबर को WhatsApp पर जरूर शेयर करें 📲
📲 WhatsApp पर शेयर करेंप्रत्येक पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर पुरस्कारों की संख्या निर्धारित की गई है। 100 से अधिक विद्यार्थियों वाले पाठ्यक्रमों में प्रथम तीन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 50 से 100 विद्यार्थियों वाले पाठ्यक्रमों में शीर्ष दो पुरस्कार तथा 50 से कम विद्यार्थियों वाले पाठ्यक्रमों में शीर्ष स्थान वाले एक विद्यार्थी को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2025–26 से प्रारंभ की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को परिश्रम करने और अपने शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इन पुरस्कारों के लिए न्यूनतम 8.5 सीजीपीए प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे. शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार केवल डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थियों तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि प्रत्येक वर्ष अपने शैक्षणिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष के अंत में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रदान किए जाने प्रस्तावित हैं। अपनी डिग्री के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दिसंबर में आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा, “विश्वविद्यालय को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान उनके पाठ्यक्रम पूरा करने से काफी पहले ही कर लेनी चाहिए, जिनमें असाधारण शैक्षणिक प्रतिभा है। हमें आशा है कि इन पुरस्कारों से विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी।”प्रथम शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए कई समितियों का गठन किया गया है। कुलपति ने समितियों के संयोजकों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सदस्यों और आयोजन से जुड़े लोगों को समारोह के आयोजन के लिए सर्वोत्तम प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि यह विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय जीवन का एक यादगार अवसर बन सके। पुरस्कार समारोह का पूर्वाभ्यास 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

