IIT BHU Convocation: आई आई टी (बी एच यू) का दीक्षान्त समारोह सम्पन्न
IIT BHU Convocation: आईआईटी (बीएचयू) के 15वें दीक्षांत समारोह में 2,048 उपाधियां प्रदान
मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला को प्रदान की गई मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि
- हरजस कौर को प्रेसिडेंट्स स्वर्ण पदक तथा प्रतीक त्रिपाठी और लखादिवे मेहुलकुमार राजकुमार को डायरेक्टर्स स्वर्ण पदक से किया गया सम्मानित
🔥 इस खबर को WhatsApp पर जरूर शेयर करें 📲
📲 WhatsApp पर शेयर करेंरिपोर्ट: डॉ राम शंकर सिंह
वाराणसी, 31 अक्टूबर: IIT BHU Convocation: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) का 15वां दीक्षांत समारोह स्वतंत्रता भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ. समारोह में विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध कार्यक्रमों के कुल 2,048 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं. समारोह में आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आईआईटी (बीएचयू) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण ने समारोह की अध्यक्षता की, जबकि बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के उपाध्यक्ष एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भी इस अवसर पर उपस्थित रहे. चेयरमैन सीनेट एवं संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने निदेशक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों, तकनीकी प्रगति तथा संस्थागत विकास की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया।
यह भी पढ़ें:- National Unity Day: वी डी ए में भारत रत्न सरदार पटेल की मनाई गई जयंती
इस वर्ष कुल 2,048 उपाधियां प्रदान की गईं, जिनका श्रेणीवार विवरण इस प्रकार है:
- 1,106 बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बी.टेक.)
- 385 इंटीग्रेटेड ड्यूल डिग्री (आईडीडी)
- 322 मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी/मास्टर ऑफ फार्मेसी (एम.टेक./एम.फार्म.)
- 182 डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.)
- 39 मास्टर ऑफ साइंस (एम.एससी.)
- 14 बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बी.आर्क.)
डीन (शैक्षणिक कार्य) प्रोफेसर देवेंद्र सिंह ने विभिन्न श्रेणियों के उपाधि प्राप्तकर्ताओं को प्रस्तुत किया तथा मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला ने विद्यार्थियों को मेडल और उपाधियां प्रदान की.
अवसर पर राष्ट्रपति एवं निदेशक स्वर्ण पदक से मेधावी विद्यार्थी सम्मानित किये गये. समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कुल 62 पदक एवं पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें स्वर्ण पदक, रजत पदक, संस्थान एवं विभागीय पदक, स्मृति एवं न्यास पदक, नकद पुरस्कार तथा अन्य सम्मान शामिल हैं. सुश्री हरजस कौर, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति स्वर्ण पदक प्रदान किया गया. वहीं, निदेशक स्वर्ण पदक से दो मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया: लखादिवे मेहुलकुमार राजकुमार सिविल इंजीनियरिंग विभाग तथा प्रतीक त्रिपाठी कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग को सम्मानित किया गया.
Shop your favourites at exciting prices.
अवसर पर मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि प्रदान की गई. यह सम्मान उनके विशिष्ट योगदान एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के प्रति संस्थान की मान्यता का प्रतीक है. समारोह में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उपाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी तथा अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण ने अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि कुमार मंगलम बिरला ने दीक्षांत संबोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, व्यावसायिक उपलब्धियों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भावी भूमिका के प्रति अपने विचार साझा किए।
इससे पूर्व समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शैक्षणिक शोभायात्रा के आगमन से हुआ। मंचासीन गणमान्य अतिथियों द्वारा महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित की गई. कार्यक्रम में मंगलाचरण, राष्ट्रगीत एवं संस्थान के कुलगीत की प्रस्तुति हुई। उपाधियों एवं पदकों के वितरण के उपरांत गणमान्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। कुलसचिव श्री सुमित कुमार बिस्वास ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. अवसर पर आदित्य बिरला समूह एवं हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, रेणुकूट के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. समारोह में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स एवं सीनेट के सदस्यों, संकाय सदस्यों, छात्रों और उनके अभिभावकों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

