IIT BHU VDA MOU: आईआईटी बीएचयू और वीडीए के बीच हुआ समझौता
IIT BHU VDA MOU: वी डी ए एवं आईआईटी (बीएचयू) आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग विभाग द्वारा, शहर के 115 महाविद्यालयों में शहरी नियोजन, मास्टर प्लान एवं नियोजित विकास पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
- वी डी ए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा और विभागाध्यक्ष प्रो आर एन मोहंती ने समझौता ज्ञापन पर किये हस्ताक्षर
🔥 इस खबर को WhatsApp पर जरूर शेयर करें 📲
📲 WhatsApp पर शेयर करेंरिपोर्ट: डॉ राम शंकर सिंह
वाराणसी, 22 जुलाई: IIT BHU VDA MOU: वी डी ए एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभाग मिलकर, काशी को नियोजित विकास और धरोहर संरक्षण पर जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को शुरु करने हेतु, वी डी ए और आई आई टी बी एच यू मध्य एक सहयोगात्मक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. इसके अंतर्गत शहर के 115 इंटरमीडिएट एवं महाविद्यालयों में शहरी नियोजन, सतत विकास एवं विरासत संरक्षण विषयों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समझौता ज्ञापन पर आईआईटी (बीएचयू) के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभागाध्यक्ष प्रो. रबी नारायण मोहंती तथा वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने हस्ताक्षर किए।
इस पहल के तहत चिन्हित संस्थानों में संयुक्त रूप से व्याख्यान, कार्यशालाएँ, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार, संवाद सत्र एवं अध्ययन भ्रमण (स्टडी विजिट) आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को वाराणसी मास्टर प्लान, ले-आउट एवं भवन मानचित्र की अवधारणा, मानचित्र स्वीकृति की आवश्यकता, ग्रीन बेल्ट से संबंधित प्रावधान, सिटी प्लान एवं अर्बन प्लानिंग के महत्व, पर्यावरण एवं विरासत संरक्षण जैसे विषयों से अवगत कराया जाएगा।
शहर के नियोजित विस्तार, विशेष रूप से अर्ध-शहरी (सेमी-अर्बन) क्षेत्रों में हो रहे विकास को देखते हुए यह आवश्यक है कि युवा पीढ़ी को समुचित नियोजन के महत्व से अभी से अवगत कराया जाए, ताकि भविष्य में शहरों के समक्ष उत्पन्न होने वाली मूलभूत समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।
वाराणसी पूर्वांचल का अगला आधुनिक शहरी केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है, ऐसे में वाराणसी विकास प्राधिकरण की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि वह नागरिकों को शहर के नियोजित एवं समावेशी विकास के लिए जागरूक करे तथा उनके साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्य करे।
समझौते के अनुसार आईआईटी (बीएचयू) का आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिज़ाइन विभाग तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा, जबकि वाराणसी विकास प्राधिकरण कार्यक्रमों के समन्वय के साथ वाराणसी मास्टर प्लान, नगर विकास परियोजनाओं एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा.

