Rajkot Division Sports Event: राजकोट डिवीजन DRM ट्रॉफी 2026: इंजीनियरिंग विभाग चैंपियन
Rajkot Division Sports Event: राजकोट डिवीजन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा ‘डीआरएम ट्रॉफी-2026’ का सफल आयोजन: इंजीनियरिंग विभाग बना चैंपियन
राजकोट, 22 मार्च: Rajkot Division Sports Event: राजकोट मंडल खेलकूद संघ (आरडीएसए) द्वारा मंडल में कार्यरत रेल कर्मचारियों के लिए ‘डीआरएम ट्रॉफी-2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अंतर्गत मंडल के विभिन्न विभागों की टीमों के बीच 5 फरवरी से 22 मार्च, 2026 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में क्रिकेट के साथ-साथ टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, फुटबॉल, साइक्लिंग तथा एथलेटिक्स जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के परिणाम पॉइंट टेबल के आधार पर घोषित किए गए तथा प्रत्येक खेलकूद इवेंट में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए गए।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर इंजीनियरिंग विभाग 63 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर, आरपीएफ विभाग 36 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर तथा मैकेनिकल विभाग 25 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच इंजीनियरिंग एवं आरपीएफ विभाग की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें इंजीनियरिंग विभाग विजेता रहा और ‘डीआरएम ट्रॉफी-2026’ का चैंपियन बना। आरपीएफ विभाग उपविजेता रहा।
क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आरपीएफ के दीपक मरीचि को मैन ऑफ द सीरीज़, मेडिकल विभाग के रामकिशन कुमावत को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा इंजीनियरिंग विभाग के वितुल बारैया को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया। राजकोट स्थित रेलवे क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीआरएम गिरिराज कुमार मीना ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि रेलकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करें और स्वयं को स्वस्थ रखें।
राजकोट मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना तथा राजकोट डिवीजन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आर.सी. मीणा के मार्गदर्शन में इस टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। रेलवे की ओर से पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी एवं रेल कर्मचारी सेंदिल नाटकण, प्रतीक मेहता, हार्दिक राठौड़ एवं मीत गोस्वामी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, राजकोट की अध्यक्षा मुकेशी मीना एवं उनकी टीम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना, सीनियर डिविजनल इंजीनियर (समन्वय) नरेन्द्र सिंह, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर (गति शक्ति) सुधीर दुबे, मंडल सुरक्षा आयुक्त कमलेश्वर सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ट्रेड यूनियन पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।
देश की आवाज की खबरें फेसबुक पर पाने के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें

