IIT BHU: आईआईटी बीएचयू और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के बीच EV रिसर्च को लेकर हुआ MoU
IIT BHU: दोनों संस्थान इलेक्ट्रिक वाहनों और सतत परिवहन के क्षेत्र में संयुक्त शोध, नवाचार और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देंगे; छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए नए अंतरराष्ट्रीय अवसर विकसित होंगे।
- आई आई टी के निदेशक प्रो अमित पात्रा और मिशिगन यूनिवर्सिटी के डीन प्रो टॉड एलन ने ज्ञापन पर किये हस्ताक्षर
रिपोर्ट: डॉ राम शंकर सिंह
वाराणसी, 18 सितम्बर: IIT BHU: इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और सतत परिवहन के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी (आईआईटी बीएचयू) और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन, एन आर्बर के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ है।
दोनों संस्थानों ने संयुक्त अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. एमओयू पर यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन स्थित इलेक्ट्रिक व्हीकल सेंटर (ईवीसी) में आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के एसोसिएट डीन फॉर रिसर्च प्रो. टॉड एलन ने हस्ताक्षर किए।
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के इलेक्ट्रिक व्हीकल सेंटर का दौरा किया। इस दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों और सतत परिवहन के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी नवाचार तथा शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रो. अमित पात्रा ने आईआईटी बीएचयू द्वारा ई-मोबिलिटी के क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता को एक साथ लाकर इलेक्ट्रिक वाहन प्रणालियों के क्षेत्र में नए अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जा सकता है। इससे दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिलेंगे.
आईआईटी बीएचयू के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख एवं सेंटर फॉर ट्रांसपोर्टेशनल ई-मोबिलिटी (सीटीईएम) के समन्वयक प्रो. राजीव कुमार सिंह ने आईआईटी बीएचयू और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के बीच चल रही दो स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान में चल रही अन्य परियोजनाओं में भी यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के साथ सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इस बैठक में आईआईटी बीएचयू के डॉ. देबदीप भंडारी, डॉ. अबीर घोष, डॉ. उदिता घोष और डॉ. प्रद्युत धर ने ऑनलाइन भाग लिया।
आईआईटी बीएचयू के प्रतिनिधिमंडल में निदेशक प्रो. अमित पात्रा, विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार सिंह, डीन (रिसोर्स एवं एल्युमनी) प्रो. हीरालाल प्रामाणिक, विशिष्ट पूर्व छात्र विष्णु नारायणन तथा वरिष्ठ पूर्व छात्र डॉ. मिर्ले शामिल रहे.
आईआईटी बीएचयू और यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन के बीच हुआ यह एमओयू इलेक्ट्रिक वाहन एवं सतत परिवहन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुसंधान सहयोग को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे संयुक्त अनुसंधान, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के अकादमिक आदान-प्रदान तथा नई तकनीकों के विकास के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.

