Health Awareness: बी एच यू के त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ
Health Awareness: छात्र कल्याण, सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण पर दिया गया विशेष ज़ोर
रिपोर्ट: डॉ राम शंकर सिंह
वाराणसी, 03 अप्रैल: Health Awareness: विश्वविद्यालय परिसर के त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स में “स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम” का उद्घाटन कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी एवं श्रीमती चारु चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से की. कार्यक्रम में छात्राओं, छात्रावास संरक्षकों, संकाय सदस्यों एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा एवं समग्र कल्याण से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद किया। अवसर पर सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा त्रिवेणी कॉम्प्लेक्स में “दिव्यांग शौचालय” का संयुक्त रूप से उद्घाटन भी किया गया।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि छात्रावास एवं परिसर जीवन में स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारियाँ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे छात्रावासों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ तथा अपने दैनिक आवासीय एवं शैक्षणिक जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों के प्रति सजग रहें.
यह भी पढ़ें:- Saurashtra Mail Schedule: ओखा–मुंबई सेंट्रल सौराष्ट्र मेल दादर स्टेशन तक जाएगी
छात्राओं के साथ संवाद के दौरान कई महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें छात्राओं के लिए परिसर में बसों की संख्या बढ़ाने की बात की गई, ताकि अधिक से अधिक छात्राओं को सुविधा मिल सके तथा छात्रावास सुविधाओं को और सुदृढ़ करने पर भी सुझाव दिये गए।
कुलपति ने आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों का समुचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों हेतु विश्वविद्यालय के आधिकारिक ईमेल poicc@bhu.ac.in का उल्लेख किया तथा यह जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थीयों को bhu.ac.in डोमेन के अंतर्गत व्यक्तिगत आधिकारिक ईमेल आईडी उपलब्ध कराने की दिशा में अग्रसर है, जिससे संचार व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
विशिष्ट अतिथि चारू चतुर्वेदी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बारे में संवाद निरंतरता अत्यंत आवश्यक है औऱ विश्वविद्यालय के छात्रावासों में इस संबंध में कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहजनक है। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थी जीवन के निर्माण में स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता और सकारात्मक आवासीय संस्कृति के महत्त्व पर प्रकाश डाला तथा कहा कि छात्र कल्याण विश्वविद्यालय के व्यापक शैक्षणिक वातावरण का केंद्रबिंदु है।
महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उपायों, विशेषकर “नमस्ते बीएचयू” ऐप के सेफ्टी अलर्ट बटन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे छात्राओं के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने वाला प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि महिला छात्रावासों में छात्राओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के सभी 34 छात्रावासों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे मासिक धर्म स्वच्छता सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित हुई।

