DRM Rajkot: राजकोट मंडल के 7 रेलकर्मी डीआरएम द्वारा सम्मानित
DRM Rajkot: रेल संरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजकोट मंडल के 7 रेलकर्मी डीआरएम द्वारा सम्मानित
राजकोट, 9 मार्च: DRM Rajkot: पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल में रेल संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गिरिराज कुमार मीना द्वारा आज डीआरएम कार्यालय, राजकोट के कॉन्फ्रेंस कक्ष में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बिजली (कर्षण) विभाग से संबंधित इन कर्मचारियों को नवंबर 2025, दिसंबर 2025 तथा जनवरी 2026 के दौरान ड्यूटी के समय असाधारण सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में हितेश कुमार गढ़िया (सीनियर सेक्शन इंजीनियर, लोको ट्रिप शेड, हापा), जगदीश प्रसाद साहू (लोको पायलट, राजकोट), मितेश पी. वाघेला (लोको पायलट, राजकोट), जयदीप पीठवा (लोको पायलट, राजकोट), प्रकाश दास (लोको पायलट, गुड्स, हापा), सुनील कुमार यादव (लोको पायलट, गुड्स, सुरेन्द्रनगर) तथा सीताराम घासवा (लोको पायलट, गुड्स, हापा) शामिल हैं।
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान सतर्कता का परिचय देते हुए कई महत्वपूर्ण तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान की। इनमें इंजन की शंटिंग के दौरान असामान्य घर्षण की आवाज सुनाई देने पर जांच में पथ (ट्रैक) में मिट्टी का धंसाव/विकृति का पता लगाना और उसकी मरम्मत सुनिश्चित करना, विशेष ट्रेनों के संचालन में सभी संरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा ट्रेन संख्या 19565 ओखा–देहरादून उत्तरांचल एक्सप्रेस के खंभालिया के पास से गुजरते समय पहिए में ढीले बोल्ट की पहचान कर समय रहते मरम्मत करवाना शामिल है।
इसके अलावा मालगाड़ी के वेगन की जांच के दौरान नकल पिन टूटने की पहचान कर उसे तुरंत ठीक करवाना तथा राजकोट स्थित साइडिंग में वेल्डिंग जॉइंट के पास रेल पटरी में आई खराबी की सूचना देकर उसकी मरम्मत सुनिश्चित करना भी इन कर्मचारियों की सतर्कता के प्रमुख उदाहरण हैं।
इस अवसर पर डीआरएम गिरिराज कुमार मीना ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा पूरे मंडल के कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी है और रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक कौशल चौबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रमेश चंद मीणा, मुख्य परियोजना प्रबंधक सुधीर दुबे, वरिष्ठ मंडल बिजली अभियंता (कर्षण) मनोज कुमार राव तथा वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक जेठाभाई डामोर उपस्थित थे।
देश की आवाज की खबरें फेसबुक पर पाने के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें

