rjt cricket

DRM Trophy: राजकोट रेल मंडल में “डीआरएम ट्रॉफी” क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

DRM Trophy: 11 विभागीय टीमों के बीच होंगे 28 रोमांचक मुकाबले

राजकोट, 6 मार्च: DRM Trophy: पश्चिम रेलवे के राजकोट रेल मंडल में कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और बेहतर स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजकोट डिवीजन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में अंतर-विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट “डीआरएम ट्रॉफी 2026” का शुभारंभ किया गया।

इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), राजकोट एवं राजकोट डिवीजन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री गिरिराज कुमार मीना के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर राजकोट डिवीजन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री आर.सी. मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह क्रिकेट टूर्नामेंट 6 मार्च से 22 मार्च 2026 तक राजकोट स्थित रेलवे क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राजकोट रेल मंडल के विभिन्न विभागों — वाणिज्य, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, परिचालन (ऑपरेटिंग), सिग्नल एवं दूरसंचार, स्थापना (पर्सनल), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), विद्युत, टीआरडी (विद्युतीकरण) तथा लेखा विभाग — की कुल 11 टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों के बीच टूर्नामेंट के दौरान कुल 28 मुकाबले खेले जाएंगे।

इस वर्ष डीआरएम ट्रॉफी के अंतर्गत क्रिकेट के साथ-साथ टेबल टेनिस, बैडमिंटन, शतरंज, फुटबॉल तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं को भी शामिल किया गया है। इन खेलों में रेलवे के विभिन्न विभागों की टीमें भाग लेंगी तथा सभी प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के आधार पर अंत में डीआरएम ट्रॉफी के विजेता का निर्धारण किया जाएगा।

टूर्नामेंट का पहला मैच यांत्रिक विभाग और सिग्नल विभाग की टीमों के बीच खेला गया। इसमें यांत्रिक विभाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यांत्रिक विभाग की टीम ने 15 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिग्नल विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया।
टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला 21 मार्च तथा फाइनल मुकाबला 22 मार्च 2026 को खेला जाएगा।

इस अवसर पर मंडल के अनेक अधिकारी, कर्मचारी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

OB Banner summer 1
देश की आवाज की खबरें फेसबुक पर पाने के लिए फेसबुक पेज को लाइक करें